भाजपा आलाकमान सांसद हेगड़े के बयान से नाखुश

नई दिल्ली, ३ फरवरी। महात्मा गांधी को लेकर सांसद अनंत हेगड़े के विवादित बयान पर भाजपा ने किनारा कर लिया है। भाजपा के नेता मनोज तिवारी ने कहा है कि अगर यह किसी का व्यक्तिगत विचार है तो इसको पार्टी देखेगी, ये विचार भाजपा का है ही नहीं, अगर उनसे ऐसी गलती हुई है तो पार्टी इसका संज्ञान लेगी। सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि बीजेपी सांसद अनंत हेगड़े द्वारा महात्मा गांधी पर दिए गए बयान से पार्टी का शीर्ष नेतृत्व नाखुश है। हेगड़े को बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहा गया है। आपको बताते जाए कि बेंगलुरू में एक कार्यक्रम में भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने महात्मा गांधी के स्वाधीनता संग्राम पर सवाल खड़े करते हुए गांधी के नेतृत्व चले स्वाधीनता आंदोलन को 'ड्रामा' करार दिया। यही नहीं भाजपा सांसद ने महात्मा गांधी के सत्याग्रह और भूख हड़ताल को भी ड्रामा बताया। इस पर कांग्रेस नेता जयवीर शेरगिल ने कहा है कि महात्मा गांधी को देशप्रेम का सर्टिफिकेट उस पार्टी से नहीं चाहिए जो गोरों की सरकार के चमचे थे, अनंत हेगड़े उस संगठन से आते हैं, जिन्होंने तिरंगे का विरोध किया, संविधान का विरोध किया, जिन्होंने भारत छोड़ों आंदोलन का विरोध किया।